राजधानी रांची में झारखंड उत्पाद सिपाही बहाली की दौड़ के दौरान एक और युवक की मौत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान मुरामुल्ला सुरैया उर्फ बाला के रूप में हुई है। वह जमशेदपुर का निवासी था और बहाली की दौड़ में भाग लेने के लिए रांची आया था।
52 मिनट में पूरा किया दौड़, फिर बिगड़ी तबीयत
मुरामुल्ला सुरैया ने उत्पाद सिपाही के लिए आयोजित शारीरिक योग्यता परीक्षा में 52 मिनट में दौड़ पूरी की। दौड़ के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, और उसे तुरंत रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की पूरी कोशिश के बावजूद, 14 सितंबर की सुबह 5 बजे उसकी मौत हो गई।
11 सितंबर की रात को घर से निकला था
जानकारी के अनुसार, मुरामुल्ला 11 सितंबर की रात को अपने दोस्तों के साथ रांची आया था। वह अपने प्रशिक्षण के तहत नियमित रूप से बर्मामाइंस में प्रैक्टिस करता था और किसी भी प्रकार का नशा नहीं करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके पिता गुदड़ी सिलाई का काम करते हैं। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर बहाली की दौड़ और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
Leave a Reply